शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026

महर्षि दयानन्द



 डॉ. कृष्ण के आर्य                                                 

दयानंद बोध रात्रि- विशेष


महाशिवरात्रि को मूषक ने दयानन्द को कराया था बोध
सत्य-विद्या के उद्घोषक रहे-महर्षि दयानन्द

        भारत भूमि पर ऐसे असंख्य उदाहरण मिलते हैं, जब कोई महापुरुष किसी देश, काल और परिस्थिति जन्य ज्ञान को प्राप्त करता है। इनमें अनेक जन्म-जन्मांतरों के ऋषि मनुष्य मात्र के उपकार हेतु धरा पर आते हैं, तो कुछ किसी बोधि वृक्ष के नीचे ध्यानमग्न होकर संसार की वास्तविकता का भान करते हैं और किसी के प्रज्ञाचक्षु मृत्यु या वृद्धावस्था को देखकर खुल जाते हैं। परन्तु महर्षि दयानन्द को किसी और ने नहीं बल्कि एक मूसक ने सत्य के दर्शन करवाए थे। तदोपरान्त उसी बालक मूल-शंकर नेेे अपना पूरा जीवन वास्तविक ‘शंकर के मूल’ को तलाशने में लगा दिया।
       सृष्टि के मूल तत्व को खोजने की जिद ने ही गुजरात के टंकारा में 12 फरवरी, 1824 को जन्मे बालक मूल शंकर को महर्षि बना दिया। एक साधारण बालक की भांति उन्हें अपनी माता यशोदा बाई से भगवान विष्णु तथा पिता श्रीकर्षण जी से महादेव शिव की कथाएं सुनने को मिलती रही, परन्तु उनकी ज्ञान-पिपासा की उत्कंठा शांत नहीं हो रही थी। इस तरह असली शिव के दर्शन करने की जिज्ञासा शारीरिक और बौद्धिक रूप से बढ़ते मूलशंकर की निरंतर बढ़ती गई। इसी दौरान उनके चाचा और बहन की मौत ने उनके निर्मल मन में वैराग्यभाव को और गहन कर दिए। इस घटना से व्यथित होकर मूलशंकर अपने माता-पिता से जीवन-मृत्यु पर प्रश्न करने लगा। अतः बेटे की मनोदशा देखकर माता-पिता चिंतित रहने लगे।

महाबोधि शिवरात्रि- मूषक ने दी शिक्षा
       एक कहावत है कि ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात’। अर्थात् महापुरुषों की दिव्यता के दर्शन उनके बचपन में ही होने लगते हैं। ऐसे ही लक्षण किशोर मूलशंकर के जीवन में भी दृष्टिपात हो रहे थे। परन्तु महाशिवरात्रि के पर्व पर ही उन्हें जीवन के प्रवाह का ज्ञान प्राप्त हुआ। देश के अन्य भागों की तरह ही टंकारा में भी फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर व्रत-पूजा का आयोजन किया जा रहा था। उनके पिता श्रीकर्षण जी ने भी अपने पुत्र मूलशंकर को महाशिवरात्रि पर उपवास रखने की सलाह दी तथा गांव के शिवालय में पूजा करने व रात्रि जागरण करने को कहा। अतः मूलशंकर अपने परिवार के साथ शिवालय में भूखा-प्यासा रात्रि जागरण करता रहा। शीघ्र ही परिवार के सदस्य नींद के आगोश में चले गए लेकिन सच्चे शिव के दर्शन करने के लिए मूलशंकर जागता रहा।
       इसी दौरान शिवालय में घटित हुई एक घटना ने मूलशंकर को स्वयं के प्रति विद्रोही बना दिया। रात्रि के अंतिम प्रहर में जब सब श्रद्धालु निद्रा की गोद में थे तो मूलशंकर ने कुछ मूसक (चुंहों) को शिवलिंग पर चढ़ाए गए प्रसाद को खाते और वहीं मल-मूत्र करते हुए देखा। यह घटना देखकर मूलशंकर बड़ा व्यथित हुआ और कहने लगा यह सच्चा शिव नही हो सकता। यह शिवलिंग जो स्वयं की रक्षा नहीं कर सकता है तो दूसरों की रक्षा कैसे करेगा। बालक ने अपने पिता जी को जगाते हुए पूरी घटना बताई और पूछा यह सच्चा शिव कैसे हो सकता है, वह कहां रहता है मुझे बताओ। इस पर पिता ने कहा कि सच्चा शिव तो कैलाश पर है यह तो केवल उनकी मूर्ति है। यह सुनकर बालक ने सच्चे शिव की खोज करने के लिए घर त्यागने का मन बना लिया। इस प्रकार यह महाशिवरात्रि बालक मूलशंकर के जीवन की महाबोध रात्रि बन गई।

सत्य की खोज-
       बालक के मनोभावों को जानकर माता-पिता बेटे का विवाह करने की तैयारी करने लगे। परन्तु मूलशंकर को तो सच्चे शंकर की खोज करनी थी, इसलिए मौका मिलते ही वह घर से निकलकर भाग गया। वह अनेक साधु, संतों से मिले और सच्चे शिव के विषय में जानना चाहा। अनेक गुरुजनों से शिक्षा प्राप्त करने पश्चात भी जब उन्हें शांति प्राप्त नहीं हुई तो वह मथुरा पहुंच गए। वहां उन्हें अंध गुरू विरजानन्द दंडी स्वामी के विषय में जानकारी मिली। एक सुबह उन्होंने स्वामी जी कुटिया का द्वार खटखटाया तो अन्दर से आवाज आई ‘कौन है’। इस पर उन्होंने कहा कि ‘यही तो जानने आया हूं कि मैं कौन हूं’। यह उत्तर सुनकर दंडी स्वामी के नेत्र भर आए और वे समझ गए कि एक योग्य शिष्य मिल गया है। अतः अब उनके जीवन की तपस्या पूर्ण होने वाली है।
        स्वामी विरजानन्द वेदों के प्रकाण्ड विद्वान थे, उन्होंने अपने शिष्य को वेद-वेदांग, दर्शन, शास्त्रों तथा व्याकरण का पूर्ण ज्ञान दिया। उन्होंने वेदानुसार सच्चे शिव अर्थात् कल्याणकारी ईश्वर की आभा के दर्शन करवाए, जिसके कारण उन्हें लम्बी अवधि की समाधि का अभ्यास हो गया। इसके उपरांत वह किशोर विश्व में स्वामी दयानन्द के नाम से विख्यात हुआ।

ज्ञान का प्रसार-
       दंडी स्वामी विरजानन्द की आज्ञा से दयानंद ने समाज में फैले अज्ञानता के अंधकार को दूर करने की प्रतिज्ञा ली। इसके पश्चात स्वामी दयानन्द ने स्वयं को तपाने के लिए छः वर्षों से अधिक समय तक हिमालय में वास किया। इससे उनकी वाणी में ओज तथा चेहरे के अनूठे तेज ने लोगों को उनका दीवाना बना दिया और वे महर्षि दयानन्द सरस्वती कहलाए। उन्होंने कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार में ‘पाखण्ड खंडिनी पताका’ फहराई और अनेक तथाकथित धर्माचार्यों को शास्त्रार्थ में पराजित किया।
महर्षि ने कहा कि ज्ञान का मूल स्त्रोत केवल वेद है। वेद के अतिरिक्त कोई अन्य धर्मग्रंथ प्रामाणिक नहीं है। वेद के ज्ञान बिना ईश्वर के दर्शन सम्भव नहीं है।

प्राणीमात्र के कल्याणार्थ-
        महर्षि दयानन्द सरस्वती ने प्राणीमात्र के कल्याणार्थ विक्रमी संवत 1932, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को गिरगांव मुंबई में पहली ‘आर्य समाज’ की स्थापना की। इसका उद्देश्य व्यक्ति, परिवार, समाज, देश और दुनिया को आर्य अर्थात् श्रेष्ठ, कुलीन और सदाचारी बनाना था। उन्होंने वेद के मूल मंत्र ‘कृण्वन्तो विश्वमार्यम्’ का उद्घोष दिया। उनका मानना था कि मानव मात्र के आर्य (श्रेष्ठ) बनने से संसार की अनेक समस्याएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी और इससे शारीरिक, आत्मिक और सामाजिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्हीं के मार्ग पर चलते हुए अनेक आर्ष गुरुकुल, कन्या विद्यालय तथा डीएवी जैसी संस्थाएं आज विश्व में ख्याति प्राप्त कर रही हैं।

लेखन कार्य-
        गुजरात में पैदा होने के बावजूद और संस्कृत के प्रकाण्ड विद्वान होते हुए भी स्वामी दयानन्द ने हिन्दी को प्राथमिकता दी। उन्होंने हिन्दी को ‘आर्य भाषा’ का नाम दिया और अपने लगभग डेढ़ दर्जन ग्रन्थों का लेखन हिन्दी में ही किया। सत्यार्थ प्रकाश उनका प्रमुख ग्रंथ माना जाता है परन्तु संस्कार विधि, ऋग्वेदादिभाष्यभूमिका आर्योद्देश्यरत्नमाला, व्यवहारभानू इत्यादि पुस्तकें भी जनमानस को उचित राह दिखा रही है। उन्होंने हमारी प्राचीन खोई हुई सनातन धरोहर वेदों को पुनः सामने लाकर मानवमात्र पर बड़ा उपकार किया है। ऋग्वेद और यजुर्वेद का भाष्य इस दिशा में मील का पत्थर हैं।

कुरीतियों पर प्रहार-
        महर्षि दयानन्द को अलग-अलग बुद्धि के लोग अलग-अलग ढ़ंग से परिभाषित करते हैं। कुछ लोग उन्हें ब्रह्मचारी कहते हैं और कोई धर्म के पूरोद्धा, सत्य के रक्षक, वेदवेत्ता तो कुछ वेद उद्वारक कहते हैं। परन्तु महर्षि दयानन्द आधुनिक समाज के पथ प्रदर्शक तथा सत्य विद्या और जो पदार्थ विद्या से जाने जाते हैं, उनके उद्घोषक रहे हैं। उन्होंने 19वीं सदी में एक महान समाज सुधारक, दार्शनिक और वेद प्रसारक के तौर पर कार्य किया है। दयानन्द ने भारतीय समाज में व्याप्त अंधविश्वास, कुरीतियों और जातिवाद के खिलाफ आवाज उठाई और सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों को पुनर्स्थापित किया।

अन्तिम शब्द-
       देश की आजादी के प्रेरक रहे महर्षि दयानन्द का सानिध्य स्वामी श्रद्धानंद, पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी, श्याम जी कृष्ण वर्मा, लाला लाजपतराय, लोकमान्य तिलक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीर सावरकर, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मदन लाल ढींगरा, महात्मा हंसराज जैसे महानुभावों को प्राप्त हुआ। इससे खिन्न होकर देशद्रोहियों ने उन्हें विविध रूपों में 17 बार विष दिया। परन्तु यौगिक क्रियाओं के माध्यम से स्वामी जी स्वयं को फिर स्वस्थ कर लेते थे। अंत में विधर्मियों द्वारा पिसा हुआ कांच दूध में पिलाने से स्वामी जी की प्राण लीला समाप्त हो गई। इस तरह वर्ष 1883 में दीपावली के दिन उन्होंने ‘हे ईश्वर, तुम्हारी इच्छा पूर्ण हो’ कहते हुए अपनी नश्वर देह का त्याग कर दिया। महर्षि दयानन्द का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को नतमस्तक करता रहेगा
000


For You

New Post

महर्षि दयानन्द

  डॉ. कृष्ण के आर्य                                                  दयानंद बोध रात्रि- विशेष महाशिवरात्रि को मूषक ने दयानन्द को कराया था बो...