सोमवार, 2 मार्च 2026

होली

 


डॉ. कृष्ण के ‘आर्य’                                                                         होली-विशेष


समभाव से होली मनाने का संदेश देते हैं भगवान कृष्ण

     होली का नाम सुनते ही लोगों के चेहरों पर ओज चमकने लगता है। यह खुशी, उमंग तथा उत्साहवर्धन करने वाला पर्व है। लम्बे समय तक ठंड से सिंकुड़ा हुआ शरीर होली की गर्माहट से स्फूर्ति का अनुभव करने लगता है। ऐसे में महिलाएं, पुरूष तथा बच्चे एक दूसरे के चेहरों के सुर्ख को रंगों से बेरंग कर देते हैं। प्रकृति के सौंदर्य से पुलकित खेतों में सरसों के पीले रंग की फसल को देखकर व्यक्ति झूम उठते हैं। दूसरी ओर गेहूं की बालियांे पर सुनहरी तथा चने के बुट्टों पर चढ़े हरे रंग से मन हर्षाने लगता है। वायुमंडल में फैली इनकी मंद-मंद गंध से नवयौवन लहलहा उठता है।
     होली का यह अनूठा त्योहार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात उत्तर प्रदेश, बिहार तथा आसपास के प्रांतों में इसे होली, होलिका, फाग, धुलंडी तथा फगुआ के नाम से पुकारते हैं। मध्यप्रदेश तथा महाराष्ट्र में जहां इसे रंग पंचमी व फाल्गुन पूर्णिमा कहते हैं वहीं पश्चिम बंगाल, असम इत्यादि प्रदेशों में डोल पूर्णिमा, डोल जात्रा या डोल महोत्सव के रूप मनाते हैं। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा कर्नाटक में इसे ‘कामदहनम्’ या कामूदु पैरे के नाम से जानते हैं। परन्तु ब्रज की लठमार होली जग प्रसिद्ध है, जहां श्रीकृष्ण रूप के साथ बरसाने की गोपियां होली खेलती हैं।
Dainik Tribune

भगवान श्रीकृष्ण की होली-
      यह त्यौहार मानव सभ्यता के आरम्भ से मनाया जाता रहा है। पौराणिक साहित्य के अनुसार श्रीकृष्ण गोपियों संग होली खेलते, उन्हें रंग लगाते तथा अठखेलियां करते थे। परन्तु श्रीकृष्ण उच्छृंखल नहीं बल्कि सभ्य थे।
सनातन वैदिक धर्म के अनुसार प्राचीन चार त्यौहार सभी चारों वर्णों द्वारा मनाए जाते रहे हैं। इनमें श्रावणी पर्व (ब्राह्मण), आश्विन पर्व (क्षत्रिय), कार्तिक पर्व (वैश्य) तथा फाल्गुनी पर्व (शुद्र अर्थात् अशिक्षित) वर्ण को समर्पित रहे हैं। आज की कथित जातियों से इनका कोई संबंध नहीं है। मनुस्मृति में कहा है कि
शर्मवद्ब्राह्मणस्य स्याद्राज्ञो रक्षासमन्वितम्
वैश्यस्य पुष्टिसंयुक्तं शुद्रस्य प्रेष्यसंयुक्तम्।
श्रावणी पर्व- यह शिक्षकों से जुड़ा पर्व है। इस दिन बालकों को गुरूकुल में प्रवेश करवाया जाता था। आजकल इसे रक्षाबंधन के नाम से जानते हैं।
आश्विन पर्व- इस पर्व का संबंध देश के रक्षकों से है। वर्षा ऋतु के उपरान्त क्षत्रिय अर्थात् सैनिक अपने अस्त्र-शस्त्रों का नवीनीकरण करते हैं। इस पर्व को बाद में शौर्य के प्रतीक भगवान श्रीराम की रावण पर विजय से जोड़ दिया। अब इसे दशहरा कहा जाता हैं।
कार्तिक पर्व- यह पर्व किसानों, व्यापारियों तथा कर्मकारों के लिए है। इसलिए इसे वैश्य पर्व कहा है। कार्तिक की अमावस्या को मनाए जाने वाले इस पर्व को दिवाली कहते है।
फाल्गुनी पर्व- फाल्गुनी अर्थात् होली का पर्व शूद्र यानी अशिक्षित वर्ग को समर्पित है। होली पर खेल-खेल में जीवन को रंगीन करना ही मात्र इसका उद्देश्य रहा है।
     भगवान श्रीकृष्ण एक चातुष्वर्ण्य देव पुरुष थे। वह जब गीता का उपदेश देते हैं तो ब्राह्मण हैं, सुदर्शन चक्र धारण करते हैं तो क्षत्रिय हैं, गोपालक के रूप में वैश्य तथा युधिष्ठिर के राजसूय यज्ञ में पग धोते समय शूद्र का कार्य करते हैं। वह उक्त सभी वर्णों के साथ संयम और समभाव से होली खेलने का संदेश देते हैं, परन्तु फूहड़पन उनके जीवन में नहीं रहा।

होली का वैज्ञानिक महत्व-
     इस पर्व को भक्त प्रह्लाद, उनकी बुआ होलिका तथा पिता हिरण्यकशिपु से भी जोड़ कर देखा जाता है। परन्तु भारतीय संस्कृति में सभी त्यौहारों को प्रकृति के साथ जोड़ा गया है। होली के रंगों का शरीर, मन और बुद्धि पर अनुकूल प्रभाव पड़ता है। होली पर सरसों, पलाश, अमलताश, नीम, हल्दी इत्यादि से प्राकृतिक रंगों का निर्माण किया जाता रहा है। यह रंग, त्वचा के छिद्रों तथा अयनों का शौधन कर मानव को संक्रामक रोगों से बचाते हैं। इतना ही नहीं, रंगों से खेलने, नृत्य तथा संगीत से मनुष्य में सकारात्मक तरंगे फैलती हैं। आजकल ऋतु परिवर्तन का समय है। इस दौरान हानिकारक जीवाणुओं की अधिकता हो जाती है। इसलिए गाय के गोबर के कंडे, आम की लकडियां, देसी घी तथा सूखे मेवों का प्रयोग होली दहन में किया जाता है। इससे बैक्टीरिया नष्ट होने से पर्यावरण शुद्ध होता हैं।

हरियाणा की होली-दुलंड़ी-
     हरियाणा में होली का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। गांवों में बंसत पंचमी पर होली मनाने का स्थान निर्धारित करते हुए डंडा गाड़ देते हैं, जिसे होली का डांडा कहते हैं। होलिका दहन पर गाय के गोबर के कंड़े व अन्य सामग्री अर्पित की जाती हैं। होली की इस ज्वाला में गेंहू और चने के बुट्टों को भून कर खाया जाता है, जिन्हें ‘होलक’ या होला कहते हैं। होलक शरीर से अनावश्यक चर्बी, सर्दी में जमी कफ तथा थकान को दूर करता है।
     बच्चों के लिए बेर तथा सुखे मेवों की कंड़ी बनाई जाती है। प्रदेश में होली के बाद फाग का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इस दिन सभी आयु वर्ग के स्त्री-पुरुष एक-दूसरे को गुलाल, अबीर और रंग लगाकर गले मिलते हैं। परन्तु अनेक स्थानों पर बच्चे एक-दूसरे को कीचड़ से भी ढ़क देते हैं, जो पर्व और शरीर की अशुद्धि बढ़ाने वाला होता है।

होली का ‘कामदहनम्’ रूप-
     दक्षिण भारत में होलिका दहन को ‘कामदहनम्’ नाम से पुकारा जाता हैं। मान्यता है कि इस दिन देवताओं द्वारा समाधिस्थ भगवान शिव के मन में कामवासना जागृत करने का प्रयास किया गया। इससे क्रोधित होकर भगवान शिव ने कामदेव को भस्म कर दिया। इसे जीवन की उत्कृष्टता हेतु काम पर विजय प्राप्त करना ही समझना चाहिए। यह समय ऋतु और वर्ष परिवर्तन का होता है। अतः इस दौरान शरीर को बलिष्ठ और त्रिदोषों को सम रखना चाहिए।
होलिका एक प्राचीन एवं वैज्ञानिक पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण सनातन सिद्धांतों के अनुरूप पर्वों के आयोजन की प्रेरणा देते हैं। अतः हमें स्नेह व श्रद्धाभाव से होली मनाने का संकल्प लेना चाहिए।
000

For You

New Post

होली

  डॉ. कृष्ण के ‘आर्य’                                                                         होली-विशेष समभाव से होली मनाने का संदेश देते ...