सोमवार, 16 मार्च 2026

नव संवत्

 डॉ. कृष्ण के ‘आर्य’              नव संवत् वर्ष-विशेष

 

नव संवत् पर देह त्याग गए थे भगवान श्रीकृष्ण

Dainik Tribune

दोपहर का समय था। उदासीनता के बादल सूर्य की तपिश को शांत कर रहे थे। विनाश की गड़गड़ाहट ने काल को अचल कर दिया था। सागर में उठती तेज लहरें तथा चूहों का बहुतायत महलों की नींव को ख़ोख़ला कर रही थी। इसी दौरान मदिरा के मद में उन्मत्त परिजन एक-दूसरे के मुंडों को हाथ में लेकर जश्न मना रहे थे। यही वह क्षण था, जब दिन, महीना, वर्ष और युग बदल रहे थे। परिवर्तित ऋतु, शांत वातावरण और झर-झर गिरते पात इतिहास का नया अध्याय लिखने को आतुर थे।

विक्रमी संवत् 3045 वर्ष पूर्व अर्थात् 5127 साल पहले चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा का वह दिन जब युग अपना स्वरूप और नाम बदल रहा था। काल के गाल में समाते हुए द्वापर से नए युग का आगाज हो रहा था। यह वही समय था जब सागर किनारे की एक सभ्यता समुद्र में हिचकोले खा रही थी। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरंे एक सौंदर्य से पूर्ण नगरी को लील रही थी। अपने पन्ने पलटता हुआ इतिहास नए पृष्ठ पर हस्ताक्षर कर रहा था। क्या होगा ? इसे जानने के लिए सबकी सांसे अटकी हुई थी। 

कलियुग का आगमन-

सृष्टि रचना के 1,96,08,48000 वर्ष पूर्ण हो चुके थे। सातवें मन्वन्तर की 28वीं चतुर्युगी के द्वापर युग का अंत हो रहा था। उगते सूर्य की किरणें नए युग के आगमन का स्वागत कर रही थी। इसी को वर्तमान कलियुग के नाम से जानते हैं। कलियुग के वर्तमान काल तक 5127 वर्ष बीत चुके हैं। अनेक अव्यवस्थाओं के कारण हम अपनी जिस प्राचीन काल गणना को भूल चुके हैं, उसे पुनः स्मरण करने की आवश्यकता का अनुभव हो रहा है।

सृष्टि की आयु-

मनुस्मृति के अनुसार सृष्टि की कुल आयु 4 अरब 32 करोड़ वर्ष है। इसे एक ब्रह्म दिवस कहते हैं, जिसमें एक हजार चतुर्युगी होती है। अर्थात् सृष्टि के आरम्भ से अंत तक सभी चारों युग एक-एक हजार बार आते हैं। इनको 14 मन्वन्तर में विभक्त किया गया है। इतने ही समय तक प्रलयकाल रहता है। इन दोनों की अवधि के योग कोे अहोरात्र कहा जाता है। ऐसे तीस अहोरात्रों को अहोमास, बारह अहोमास का अहोवर्ष तथा 100 वर्षों की गणना प्रान्तकाल कहलाती हैं। इसे इस प्रकार से समझा जा सकता है।

तद्वै युगसहस्त्रान्तं ब्राह्मं पुण्यमहर्विदुः।

रात्रिं च तावतीमेव तेऽहोरात्रविदो जनाः।।

अर्थात् परमात्मा के एक हजार दिव्य युगों के पवित्र दिन और उतनी ही रात्रि को जानने वाले लोग विज्ञानवेत्ता होते हैं। अतः

सृष्टि की आयु- 4 अरब 32 करोड़ वर्ष = एक ब्रह्म दिवस

प्रलयकाल-           4 अरब 32 करोड़ वर्ष = एक ब्रह्म रात्र

अहोरात्र-        8 अरब 64 करोड़ वर्ष

एक ब्रह्म दिवस- एक हजार चतुर्युगी = 14 मन्वन्तर

एक मन्वन्तर-        71 चतुर्युगी = 30 करोड़ 86 लाख वर्ष  

एक चतुर्युगी-        चारों युगों की आयु = 43 लाख 20 हजार वर्ष 

सतयुुग-        17 लाख 28 हजार वर्ष

त्रेता- 12 लाख 96 हजार वर्ष

द्वापर- 8 लाख 64 हजार वर्ष

कलियुग-         4 लाख 32 हजार वर्ष

अभी तक सृष्टि के 6 मन्वन्तर बीत चुके हैं। सृष्टि ने अपनी आयु के 1,96,08,53,127 वर्ष तथा सातवें वैवस्वत मन्वन्तर के 12,05,33,127 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं।         

aaj Samaj
         भगवान श्रीकृष्ण का महाप्रस्थान-

सृष्टि के 1,96,08,48000 वर्ष पूर्ण होने पर द्वापर और कलियुग का संध्याकाल था। भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र, पौत्र सहित यादवों का संहार हो चुका था। उनके बड़े भाई बलराम चिर समाधि के लिए वन चल गए थे। वहां पहुंचकर श्रीकृष्ण ने उन्हें योग मुद्रा में अन्तिम हिजकी द्वारा प्राणों को त्यागते हुए देखा। 

यह देखकर श्रीकृष्ण वन विहार करने लगे। अपने अन्तिम समय को निकट देखते हुए वह योगस्थ हो पीपल के पेड़ के नीचे लेट गए। इसी बीच एक बहेलिए ने किसी जानवर को निशाना बनाते हुए बाण छोड़ दिया। यह बाण श्रीकृष्ण के पांव के तलवे में जा लगा। इससे उनकी योगनिद्रा भंग हुई तो सामने बहेलिए को हाथ-जोड़े कांपते हुए देखा। इस पर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें अभ्यदान देते हुए वहां से जाने को कहा और अपनी समस्त इंद्रियों तथा प्राणों को सिंकोड़कर ब्रह्मलोक को प्रस्थान कर गए। वह काल चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के दोपहर 2 बजकर 27 मिनट 31 सेकिंड का था। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण ने धरा का त्याग किया, वैसे ही द्वापर काल ने कलियुग में प्रवेश कर लिया। इसका वर्णन मैंने अपनी पुस्तक ‘कर्मयोगी कृष्ण’ में भी किया है। 

नवऋतु, नवयुग, नवरात्र

युग परिवर्तन के साथ ही संवत् और ऋतु बदल जाते है। इस कारण ऋषियों ने सभी त्यौहारों को मनाने की व्यवस्था को ऋतु आधारित बनाया है। सनातन वैदिक धर्म में चैत्र और आश्विन माह के शुक्ल पक्ष में नवरात्र मनाए जाते है। इन दिनों मौसम समावस्था में होने के कारण गर्मी या सर्दी भी सम अवस्था में रहती हैं। प्रकृति अपना स्वरूप बदल रही होती है। इस कालखंड को नवरात्र कहा जाता है। नवरात्रों में विभिन्न यज्ञों के आयोजन करने की व्यवस्था दी है। नव दिनों तक 9 प्रकार के यज्ञ करते हुए दुर्गा अर्थात् प्रकृति माता के नवरूपों को स्पंदित किया जाता है। 

Arth Prakash

संवत्सर ही विक्रमी संवत्-

यह वही समय है जब ईश्वर ने सृष्टि रचना का कार्य आरम्भ किया और युगों एवं वर्षों की शुरुआत हुई थी। दक्षिण भारत में इसे “उगादी” अर्थात् युगादी के नाम से जाना जाता है। यह दिन भारतीय नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। अतः वैदिक सनातन धर्म के अनुसार युग एवं काल गणना इसी नए संवत्सर के आरम्भ से होती है।

भगवान श्रीकृष्ण के देहावसान के उपरान्त लगभग अढ़ाई हजार वर्ष तक देश में ठीक चलता रहा। उसके पश्चात अनेक विधर्मियों तथा विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय संस्कृति को गदला कर दिया। परन्तु 2083 वर्ष पहले भारत भूमि को आर्य शिरोमणी सम्राट विक्रमादित्य ने संवारने और सत्य सनातन वैदिक संस्कृति के पुनुरूधार का प्रयास किया। शकों पर विजय प्राप्त कर उन्होंने इसी दिन चक्रवर्ती सम्राट का पद ग्रहण किया था। अतः यह संवत् विक्रमादित्य के नाम अर्थात विक्रमी संवत् से जाना जाने लगा।

सम्राट युधिष्ठिर ने भी इसी दिन हस्तिनापुर का साम्राज्य ग्रहण किया था। महर्षि दयानन्द ने आर्य समाज की स्थापना इसी दिन की थी। इस वर्ष यह संवत् 19 मार्च 2026 को आरम्भ हो रहा है, जो ईसा से 57 वर्ष पहले होता है। इसी आधार पर भारतीय पंचाग भी तैयार किया जाता है। अतः हमें अपनी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए।        

000


सोमवार, 2 मार्च 2026

होली

 


डॉ. कृष्ण के ‘आर्य’                                                                         होली-विशेष


समभाव से होली मनाने का संदेश देते हैं भगवान कृष्ण

     होली का नाम सुनते ही लोगों के चेहरों पर ओज चमकने लगता है। यह खुशी, उमंग तथा उत्साहवर्धन करने वाला पर्व है। लम्बे समय तक ठंड से सिंकुड़ा हुआ शरीर होली की गर्माहट से स्फूर्ति का अनुभव करने लगता है। ऐसे में महिलाएं, पुरूष तथा बच्चे एक दूसरे के चेहरों के सुर्ख को रंगों से बेरंग कर देते हैं। प्रकृति के सौंदर्य से पुलकित खेतों में सरसों के पीले रंग की फसल को देखकर व्यक्ति झूम उठते हैं। दूसरी ओर गेहूं की बालियांे पर सुनहरी तथा चने के बुट्टों पर चढ़े हरे रंग से मन हर्षाने लगता है। वायुमंडल में फैली इनकी मंद-मंद गंध से नवयौवन लहलहा उठता है।
     होली का यह अनूठा त्योहार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात उत्तर प्रदेश, बिहार तथा आसपास के प्रांतों में इसे होली, होलिका, फाग, धुलंडी तथा फगुआ के नाम से पुकारते हैं। मध्यप्रदेश तथा महाराष्ट्र में जहां इसे रंग पंचमी व फाल्गुन पूर्णिमा कहते हैं वहीं पश्चिम बंगाल, असम इत्यादि प्रदेशों में डोल पूर्णिमा, डोल जात्रा या डोल महोत्सव के रूप मनाते हैं। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा कर्नाटक में इसे ‘कामदहनम्’ या कामूदु पैरे के नाम से जानते हैं। परन्तु ब्रज की लठमार होली जग प्रसिद्ध है, जहां श्रीकृष्ण रूप के साथ बरसाने की गोपियां होली खेलती हैं।
Dainik Tribune

भगवान श्रीकृष्ण की होली-
      यह त्यौहार मानव सभ्यता के आरम्भ से मनाया जाता रहा है। पौराणिक साहित्य के अनुसार श्रीकृष्ण गोपियों संग होली खेलते, उन्हें रंग लगाते तथा अठखेलियां करते थे। परन्तु श्रीकृष्ण उच्छृंखल नहीं बल्कि सभ्य थे।
सनातन वैदिक धर्म के अनुसार प्राचीन चार त्यौहार सभी चारों वर्णों द्वारा मनाए जाते रहे हैं। इनमें श्रावणी पर्व (ब्राह्मण), आश्विन पर्व (क्षत्रिय), कार्तिक पर्व (वैश्य) तथा फाल्गुनी पर्व (शुद्र अर्थात् अशिक्षित) वर्ण को समर्पित रहे हैं। आज की कथित जातियों से इनका कोई संबंध नहीं है। मनुस्मृति में कहा है कि
शर्मवद्ब्राह्मणस्य स्याद्राज्ञो रक्षासमन्वितम्
वैश्यस्य पुष्टिसंयुक्तं शुद्रस्य प्रेष्यसंयुक्तम्।
श्रावणी पर्व- यह शिक्षकों से जुड़ा पर्व है। इस दिन बालकों को गुरूकुल में प्रवेश करवाया जाता था। आजकल इसे रक्षाबंधन के नाम से जानते हैं।
आश्विन पर्व- इस पर्व का संबंध देश के रक्षकों से है। वर्षा ऋतु के उपरान्त क्षत्रिय अर्थात् सैनिक अपने अस्त्र-शस्त्रों का नवीनीकरण करते हैं। इस पर्व को बाद में शौर्य के प्रतीक भगवान श्रीराम की रावण पर विजय से जोड़ दिया। अब इसे दशहरा कहा जाता हैं।
कार्तिक पर्व- यह पर्व किसानों, व्यापारियों तथा कर्मकारों के लिए है। इसलिए इसे वैश्य पर्व कहा है। कार्तिक की अमावस्या को मनाए जाने वाले इस पर्व को दिवाली कहते है।
फाल्गुनी पर्व- फाल्गुनी अर्थात् होली का पर्व शूद्र यानी अशिक्षित वर्ग को समर्पित है। होली पर खेल-खेल में जीवन को रंगीन करना ही मात्र इसका उद्देश्य रहा है।
     भगवान श्रीकृष्ण एक चातुष्वर्ण्य देव पुरुष थे। वह जब गीता का उपदेश देते हैं तो ब्राह्मण हैं, सुदर्शन चक्र धारण करते हैं तो क्षत्रिय हैं, गोपालक के रूप में वैश्य तथा युधिष्ठिर के राजसूय यज्ञ में पग धोते समय शूद्र का कार्य करते हैं। वह उक्त सभी वर्णों के साथ संयम और समभाव से होली खेलने का संदेश देते हैं, परन्तु फूहड़पन उनके जीवन में नहीं रहा।
Aaj Samaj

होली का वैज्ञानिक महत्व-
     इस पर्व को भक्त प्रह्लाद, उनकी बुआ होलिका तथा पिता हिरण्यकशिपु से भी जोड़ कर देखा जाता है। परन्तु भारतीय संस्कृति में सभी त्यौहारों को प्रकृति के साथ जोड़ा गया है। होली के रंगों का शरीर, मन और बुद्धि पर अनुकूल प्रभाव पड़ता है। होली पर सरसों, पलाश, अमलताश, नीम, हल्दी इत्यादि से प्राकृतिक रंगों का निर्माण किया जाता रहा है। यह रंग, त्वचा के छिद्रों तथा अयनों का शौधन कर मानव को संक्रामक रोगों से बचाते हैं। इतना ही नहीं, रंगों से खेलने, नृत्य तथा संगीत से मनुष्य में सकारात्मक तरंगे फैलती हैं। आजकल ऋतु परिवर्तन का समय है। इस दौरान हानिकारक जीवाणुओं की अधिकता हो जाती है। इसलिए गाय के गोबर के कंडे, आम की लकडियां, देसी घी तथा सूखे मेवों का प्रयोग होली दहन में किया जाता है। इससे बैक्टीरिया नष्ट होने से पर्यावरण शुद्ध होता हैं।

हरियाणा की होली-दुलंड़ी-
     हरियाणा में होली का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। गांवों में बंसत पंचमी पर होली मनाने का स्थान निर्धारित करते हुए डंडा गाड़ देते हैं, जिसे होली का डांडा कहते हैं। होलिका दहन पर गाय के गोबर के कंड़े व अन्य सामग्री अर्पित की जाती हैं। होली की इस ज्वाला में गेंहू और चने के बुट्टों को भून कर खाया जाता है, जिन्हें ‘होलक’ या होला कहते हैं। होलक शरीर से अनावश्यक चर्बी, सर्दी में जमी कफ तथा थकान को दूर करता है।
     बच्चों के लिए बेर तथा सुखे मेवों की कंड़ी बनाई जाती है। प्रदेश में होली के बाद फाग का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इस दिन सभी आयु वर्ग के स्त्री-पुरुष एक-दूसरे को गुलाल, अबीर और रंग लगाकर गले मिलते हैं। परन्तु अनेक स्थानों पर बच्चे एक-दूसरे को कीचड़ से भी ढ़क देते हैं, जो पर्व और शरीर की अशुद्धि बढ़ाने वाला होता है।

होली का ‘कामदहनम्’ रूप-
     दक्षिण भारत में होलिका दहन को ‘कामदहनम्’ नाम से पुकारा जाता हैं। मान्यता है कि इस दिन देवताओं द्वारा समाधिस्थ भगवान शिव के मन में कामवासना जागृत करने का प्रयास किया गया। इससे क्रोधित होकर भगवान शिव ने कामदेव को भस्म कर दिया। इसे जीवन की उत्कृष्टता हेतु काम पर विजय प्राप्त करना ही समझना चाहिए। यह समय ऋतु और वर्ष परिवर्तन का होता है। अतः इस दौरान शरीर को बलिष्ठ और त्रिदोषों को सम रखना चाहिए।
होलिका एक प्राचीन एवं वैज्ञानिक पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण सनातन सिद्धांतों के अनुरूप पर्वों के आयोजन की प्रेरणा देते हैं। अतः हमें स्नेह व श्रद्धाभाव से होली मनाने का संकल्प लेना चाहिए।
000

For You

New Post

बैसाखी विशेष

  डॉ. कृष्ण के आर्य                                                            बैसाखी विशेष  फसल, शौर्य और बलिदान का पर्व बैसाखी         बै...