बुधवार, 15 फ़रवरी 2012

अन्तिम संस्कार


              -अन्तिम संस्कार-


सुबह-सुबह फोन आया, है दादी बिमार,
जल्दी से घर पर, आकर करो दीदार,
भागदौड़ कर खाना छोड़ा, जा पहुंचे घरद्वार,
घर पहुंचकर देखा तो, दादी गई स्वर्ग सिधार,
        देखकर हालत दादी की, लगा चिल्लाने पूरा परिवार,
        कोई बैठा रोये पास में, कोई लगा रोने जाकर बाहर,
        बेटी रोये आंसु बहाये, कोई थोड़ा पानी मंगवालो,
        बेटा बोला पिता से, दो आंसु आप भी टपकालो,
देख हालत दादी की, परपोता पानी लाये,
कभी वह इधर जाये, कभी दवाई खिलाये,
अब कुछ नही होगा बेटा, पिता यह समझाये,
हाथ जोड़ खड़ा हुआ, जब धरती पर लिटाये,
        नहला-धुलाकर तैयार कर, की चलने की तैयारी,
        धरती में लेटी दादी की, होने लगी पूजा भारी,
        आसपास की औरतें भी, घर पहुंची बहुत सारी,
        देखकर रोना आता था,    थी छटा अति न्यारी,
आसपास के लोग वहां, लगे यूं करने चर्चा,
उमर थी बड़ी सारी, सो करना होगा खर्चा,       
पंडि़त से दादी का, भरवा दो स्वर्ग पर्चा,        
बड़ा करने में भी इनके, नही है कोई हर्जा,
        बड़ों की आज्ञा पाकर, पोता सीढी बनाए,
        सोने की थी सीढी वो, जो मोक्षधाम पहंचाए,
        घी, सामग्री और खील बताशें, खरीज ली मंगवाये,
        चलते हुए राह में यह, सब दादी पर बरसायें,
सब कुछ तय होने पर, दादी को लिया उठाये,
घर से बाहर निकलते ही, लुगाई गीत सुरीले गाये,
पीछे-पीछे औरते और, आगे पुत्र-पोत्र जाये,
हंसते-रोते फिर सभी, शमशान घाट को आयें,
        खील बिखरे पुत्र राह में, पोता पैसे बरसाये,      
        हाथ पेंट दिये बाबू, राह से पैसे उठाये,
        सम्भाल कर रखना इन्हें, ना तिजौरी खाली होये,
        दूग्गी, पंजी और चवन्नी, ली सबने जेब में पाये,
सोचने पर सोच रहा था, ये कैसा था व्यवहार,
देखने में तो कटु सत्य था, पर था अलग आचार,
सुनने में तो आया था, वहां जाना होगा दिल को मार,
कहने को तो कहते थे सब, पर था ये अन्तिम संस्कार,



                                      कृष्ण कुमार ‘आर्य


बुधवार, 28 दिसंबर 2011

शब्द नही मिलते

          शब्द नही मिलते ?

एक विचार दिल में आया, लिखू मैं कुछ खाश,
सोच- विचार बैठा रहा, और करता रहा तलाश।
पहले ये लिखू या वो,  ऐसे भाव मन में आते,
थक-हार कर ‌बैठ जाता, जब शब्द नही मिल पाते।।
जीवन में हर व्यक्ति, चाहता है कुछ करना,
खुशियों के झरोखों से, पड़ता है कभी डरना।
अंधेर कोठरी की लौ में, हम स्वप्न देखा करते,
वे स्वप्न हम कैसे सुनाएं, जब शब्द नही मिलते।।
मां-बाप ने पाला हमको, छोड़ कर पीना-खाना,
बड़े होकर हमने फिर, त्याग दिया आना-जाना।
उन बुजूर्गों की बेबशी पर, चाहकर भी नही लिखते,
मैं लिखना तो चाहता हूं, पर शब्द नही मिलते।।
        प्रेम-पाश में बंद कर, सब कुछ दिखे झूठा,
        लड़के से लड़की बोले, है समाज बहुत खोटा।
        गात से मिले गात पर उनके, दिल कभी ना मिलते,      
        ऐसे प्रेम पर मैं क्या लिखूं, जब शब्द नही मिलते।।
सड़क किनारे ‌खड़ा बाल एक, बालों को यूं फाड़े,
भूख से पेट-कमर हुए एक, हर रा‌हगीर को पुकारे।
देख जनाब सब यह जाते, न हाथ मदद को बढ़ते,
कैसे कहूं दयनीय इसको, जब शब्द नही मिलते।।
बंसत में खिले फूलों से, महके हर एक क्यारी,
रंग-बिरंगे कुसुमों की, थी खुशबू अति न्यारी।
देख सूंघ कर मन हर्षाये, जब पुष्प वहां थे खिलते,
कैसे करू स्तुति इनकी, जब शब्द ही नही मिलते।।
एक शराबी बैठ अकेला, करता मद्यपान छुपके,
दूर खड़ा हो पुत्र भी, छोड़े धूएं वाले छल्लके।
ऐसे अनोखे पितृ पुजारी, मिलकर भी नही मिलते,
इस दशा पर मैं क्यू बोलू, जब शब्द नही मिलते।।
एक भिखारी एक पुजारी, मंदिर में संग आंये,
भिखारी भीख से पुजारी झूठ से, सीधों को बहकाये।
इनकी दोस्ती ऐसी निराली, मिल बैठकर थे खाते,
कृष्ण करे बड़ाई उनकी, जब शब्द उसे मिल जाते।
                               

                            कृष्ण कुमार ‘आर्य’


मंगलवार, 29 नवंबर 2011

होत है-


                               होत है-

1.    अ से बनता अकार है, उ से उकार होत है।
        म से मकार होवे है, ओउम् बने सब जोत है।
2.     सुख का मूल धर्म है, धर्म मूल धन होत है।
        निग्रह से धन संचय होत, पर ‌सेवा मूल श्रोत है।   
3.      जल से शुद्घ होत शरीर, सत्य से शुद्घ मन होत है।
       विद्या व तप से रे मानव,     शुद्घ आत्मा होत है।।
4.     पांच कोसो की जीवनी, इनमें सब कुछ होत है।
        इनके बिना तो आत्मा की, ना जगी कभी भी जोत है।।
5.      अन्न, मन, प्राण, ज्ञान व आनन्द पांच कोस होत है।
इनसे ही है बने शरीर और निर्मल आत्मा होत है।।
6.      अन्न शरीर का आधार है, निग्रह मन से होत है।
        प्राण, ज्ञान से बुद्घि को, आनन्द घन सब ओत है।।
7.      चार चीजों की चमक चांदनी, जीवन लक्ष्य होत है।
        धर्म, अर्थ व काम तो,        सार मोक्ष का होत है।

                                        कृष्ण कुमार आर्य


गुरुवार, 20 अक्टूबर 2011

शुभ-कामनाएं

                                                                                         
                                      ‌ दिवाली की शुभ-कामनाएं
                                                                                                         
दीपोत्सव के अवसर पर, खुशियां मनानी रे।
शुभ कामनाएं हों आपको, आई दिवाली रे।।
दुःख मिटे सब आपणे, पर रोशनी लानी रे,
फूलों से करे क्रिड़ा, है रूह मुस्कानी रे,
अन्धेरों की राहे हमको, दीपों से सजानी रे,
पूर्ण होवे सब आशाएं, शुभ यह मनानी रे।
शुभ कामनाएं हों तुमको, आई दिवाली रे।।
वीर बहादूर बंदों ने भी, खूब मनाई दिवाली,
खुशियों के भी संग उन्होंने, दुखियां गले लगाली,
जीवन छोड़ दयानन्द ने, जग रोशन कर डाली,
विष का प्याला पीकर उसने, दी जन को खुशहाली।
शुभ कामनाएं हों सबको, आज दिवाली आली।।
लक्ष्मी पूजन करें सब, खाऐ हलवा पूरी,
घर की लक्ष्मी दुःखी होवे, क्यू खुशी मनाएं अधूरी,
बेटी-बेटा दोनों बैठे, रहे प्रेम की दूरी,
राम अयोध्या वापस आये, कर वन यात्रा पूरी।
शुभ कामनाएं हों सबको, है खुशी दिवाली जरूरी।।
धन बढ़े और बढ़े मुद्राएं, हर रोज हजारों में,
दिवा में दिनकर शशि रात में, जैसे रहे सितारों में,
चमके वैसे ही आप, दुनियों के बाजारों में,
सबसे आगे हों खड़े आप, लम्बी कतारों में।
शुभ कामनाएं हों आपको, ऐसे त्योहारों में॥
सूरज तपता दे खुशहाली, चांद रस बढाये,
जीवन पथ की शूल सभी, स्वतः खत्म हो जाए,
आशा भरी निगाहें तुम्हारी, खुशी हमेशा लाए,
धर्य और मेहनत से हमेशा, कष्ट आपके जाएं।
स्वीकार करो शुभकामनाएं हमारी, जब कृष्ण आर्य सुनाएं॥

कृष्ण कुमार ‘आर्य’


मंगलवार, 2 अगस्त 2011

श्रृंगारों की तीज

                  श्रृंगारों की तीज



हमारे जीवन में त्यौहारों का विशेष महत्व है। इन त्यौहारों को यादगार बनाने के लिए महिलाएं काफी संजीदा होती है। महिलाएं अपने जीवन में त्यौहारों की भांति ही श्रृंगारों का रंग भरने की कोशिश करती है। महिलाएं स्वयं को खूबसूरत दिखाने के लिए खूब श्रृंगार करती हैं परन्तु अनेक ‌महिलाओं को पूरे श्रृंगारों की जानकारी तक भी नही होती, जिसके कारण वे स्वयं को दूसरों से पीछे महसूस करने लगती है।
        भारतीय समाज में 16 श्रृंगारों का विशेष स्थान है। विवाह शादियों या तीज त्यौहारों पर महिलाए इन श्रृंगारों से सज कर स्वयं को दूसरों से अलग दिखना चाहती है। ये श्रृंगार होते कौन से है, आओ इसका पता लगाए।
‌शरीर को कांतिमय बनाने के लिए उबटन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे त्वचा और चेहरा दमक उठता है। शरीर में सफूर्ति और तेज का संचार होता है तथा चेहरे पर लगातार लगाने और रगड़कर हटाने से चेहरे की झुरियां व दाग धब्बे समाप्त हो जाती है। उबटन का‌ निर्माण हल्दी, बेसन, कमल के फूल, हरसिंगार के पुष्प को गाय के शुद्ध दूध में मिलाकर बनाया जा सकता है।
बिन्दी- 
विवाहित महिलाएं अपने माथे पर बिन्दी लगाती हैं, यह महिलाओं की सुन्दरता को बढाने का कार्य करती है। इसमें रोली, सिंदूर और स्टिकर बिन्दी भी लगाई जाती है।
सिंदूर-  
        यह लाल रंग का पाऊडर होता है, जिसको महिलाएं अपनी मांग में भरती है। यह सुहाग का ‌प्रतिक माना जाता है।
मांग टीका- 
        सुहागिनें अपनी मांग को पूर्ण करने के लिए बालों से ‌जोड़कर मांग टीका लगाती है। यह सोने का बना होता है। सोना माथे पर होने के कारण इससे मस्तिक शांत रहता है।   
काजल- 
        नेत्रों को सुन्दर और आकर्षक बनाने के लिए काजल का प्रयोग किया जाता है। अच्छे काजल से न केवल सुन्दरता ‌में निखार आता है बल्कि आंखों के रोगों को दूर करने में सहायता मिलती है। यह आंखों की बरौनियों तथा पलकों पर लगाया जाता है।
नथ-
        दुलहन को परम्परागत सौंदर्य प्रदान करने में नथ का विशेष महत्व है। यह बांये नथ में पहनी जाती है तथा सोनी की बनी होती है।
हार-
        हार या मंगल सूत्र को शुभ का प्रतिक माना जाता है। इसे गले में धारण किया जाता है तथा सोना का बना होता है। आजकल हार में रत्नों को जड़ा जाता है।
कर्ण पुष्प-
        कर्णपुष्प कानों में डाले जाने वाले सोने के रिंग होते हैं। इससे कानों की सुन्दरता बढती है। इसके अतिरिक्त शरीर को फूलों से सजाया जाता है। गले में फूलों की हार, कलाईयों पर फूलों या सोने के कंगन तथा बालों में फूलों के गजरे लगाये जाते हैं।
मेहंदी-
        मेहंदी एक ऐसा श्रृंगार है जो न केवल सुन्दर लगता है बल्कि शरीर के लिए लाभदायक भी होता है।  इसे अमुमन हाथों, अंगुलियों तथा हथेली पर लगाया जाता है। महावर भी एक प्रकार की मेहंदी ही होती है। इसको पांवों में लगाया जाता है। तीज पर महिलाएं विशेष तौर पर इसका प्रयोग करती है। इससे पांव सुन्दर दिखते हैं।
चूड़ियां-
        चूड़ियों को हाथों का गहना माना जाता है। यह सुन्दरता में बढौतरी करता है तथा इनके धारण करने से महिला या दुलहन नई नवेली दिखाई देती है। चूड़ियां प्रायः सोने, धातु या कांच की पहनी जाती हैं।
बाजूबंध-
        बाजूबंध बाजू के ऊपरी हिस्सों में धारण किए जाते हैं। इन्हें आर्मलैट भी कहा जाता है। इनका आकार चूड़ियों जैसा तथा थोडा भिन्न दिखाई देता है। आमतौर मुगल काल, जयपुरी या राजस्थानी बाजूबंध काफी प्रचलित हैं।
आरसी-
        आरसी भी अंगुठी ही होती है परन्तु इसे पांव के अंगूठे में धारण किया जाता है। इस पर आमतौर शीशा जड़ा होता है। इससे महिला या दुलहन स्वयं तथा अपने जीवन साथी की झलक देख सकती है।
केश सज्जा-
        महिलाओं में केश सज्जा एक विशेष श्रृंगार है। इससे महिलाएं सुन्दर व मनमोहक दिखाई देती है। बालों में सुगंधित व पौष्टिक तेल का प्रयोग करने से बालों की चमक बनी रहे। बालों का अच्छी तरह से बांधने से दुलहन और शोभामान हो जाती है।
कमरबंध-
        कमरबंध दुलहन की कमर पर बांधा जाता है, जिसको बैलेट भी कहा जाता है। यह रत्नों से जड़ित सोने या चांदी से बना होता है। इसको दुलहन के लिबास को कसने के लिए बांधा जाता है तथा यह दुलहन की सुन्दरता को भी बढाता है।
पायल-‌बिछवे-
        ये चांदी के बने होते हैं। पायल पांव के टकने पर डाली जाती है, जोकि एक चेन के साथ जुड़े कुछ घूंघरूओं से बनी होती है। बिछवे भी चांदी से बने होते है और हाथों की अंगुठियों की भांति इन्हें पांव की अंगुठियां माना जाता है।
इत्र-
        आजकल अनेक प्रकार के सुगंधित इत्र चले हुए है परन्तु पहले महिलाएं केसर जैसे सुगंधित पदा‌र्थों की लकीरे माथे पर लगाती थी, जोकि सुन्दरता व सुगंध को बढाती है।
       
स्नान का विशेष महत्व है, इसके करने से शरीर में ताजगी आती है। मौसम के अनुसार ठंडे या गुनगुने पानी से स्नान करना लाभदायक तथा शरीर को सुन्दरता प्रदान करने वाला होता है। पानी में गुलाब, केवड़ा या नींबू का रस मिलाने से शरीर की सुन्दरता में निखार आता है। मौसम, शरीर की प्रकृति और शारीरिक बनावट के अनुसार वस्त्रों का चयन करना एक महत्वपूण कलां है। सुन्दर व रेशमी वस्त्र महिलाओं या पुरूषों दोनों के सौंदर्य में चार चांद लगा देते है।
विवाह के समय दुलहन के मुहं से दुर्गंध न आए इसके लिए इलायची, लौंग या केसरयुक्त पान का सेवन किया जाता है। लाल होंठों का कौन कायल नही होता है। पहले महिलाएं इसके लिए दंद्रासा लगाती थी, जोकि मुख को स्वस्थ व होंठों को लाल रखता है। आजकल अनेक प्रकार की लिपस्टिक बाजार में है। महिलाएं दांतों को सुन्दर बनाने और मसूडों को मजबूत बनाने के लिए मंजन लगाती थी तथा दांतों के बीच की लकीरों को काला करती थी। चेहरे की सुन्दरता बनाने के लिए महिलाएं अपने चेहरे पर कोई कृत्रिम तिल भी बनवा लेती है। यह तिल एक काली बिन्दी या मशीन से उकेरा जाता है। जीवन में आभूषणों का भी विशेष महत्व है। आमतौर पर सोना, चांदी, प्लेटिनम जैसी धातुओं के आभूषण धारण किए जाते है। सोना पहनने से न केवल सुन्दरता बढती है बल्कि शारीरिक तौर पर लाभ होता है।



मैं आदमी हूँ!