Thursday, July 12, 2012

एक अभिशाप


कन्या भ्रूण हत्या--- एक अभिशाप


         समय-समय की बात है कि किसी क्षण कोई वस्तु अच्छी लगती है तो दूसरे ही क्षण वही वस्तु बुरी लगने लगती है। व्यक्ति जिस ठण्डी हवा के लिए गर्मियों में तरस जाते हैं, उसे वही ठण्डी हवा सर्दियों में अच्छी नही लगती। भूखे व्यक्ति के लिए जो खाना अमृतमय होता है, कभी-कभी वही खाना पैसे वालों के लिए जहर का कार्य भी करता है अर्थात जब किसी वस्तु की अधिकता होती है तो उसकी कीमत में कमी आने लगती है परन्तु यहां एक ऐसा विरोद्घाभास है, जिसकी संख्या में न्यूनता होने पर भी वह अपने वजूद को बचाने मे सक्षम नही है। उसे भी भाग्यहीन लोग अपनी राक्षसी वृति के कारण जड़ से मिटाने पर तुले रहते हैं।
        आज के इस पाषाण पूजित युग में लोग मंदिरों में देवी माताओं की पूजा-अर्चना करने जाते है और फूल बतासों से देवी को प्रसन्न करने में कोई कमी नही छोडते, परन्तु जब वही देवी मां उनके घर के दरवाजे पर देवी (लडकी) का रूप धारण कर कदम रखती है तो अमानवीय प्रवृति के लोग उसके फूल जैसे कोमल शरीर को मंदिर में चढ़ाए जाने वाले फूलों की तरह शमशान की भेंट चढा देते हैं। ऐसे निर्दयी लोग उस नन्हीं सी जान को धरती माता की मिट्टी को छूने भी नही देते, जिस धरती माता ने उसके पूरे परिवार को सहारा दिया हुआ है। घरों में लडकी के पैदा होने पर जितना कोहराम मचाया जाता है, उतना रूद्घन तो लडकी के किसी जवान संबन्धी की मौत पर भी नही किया जाता होगा।
         यह शर्मनाक कहानी किसी ओर की नही बल्कि उस नन्ही सी जान की है, जो स्वयं अपनी रक्षा करने में पूरी तरह असमर्थ है परन्तु जिसकी रक्षा का भार उसके उन माता पिताओं पर है, जो रक्षक होते हुए भी भक्षक बनकर उसे निगल जाते हैं। ऐसे लोगों द्वारा माता के सुरक्षा कवच गर्भ में 9 महीने बिताने वाली उस कन्या को 9 मिनट भी धरती पर रहने नही दिया जाता। पहले गांवों में पैदा होने वाले लडकी के परिवार के तथाकथित शुभचिंतक बुढि़या ताई और दादी उस नन्हें फूल की हत्यारिन बन जाती और नवजात लडकी को उसी चारपाई के पांवे के नीचे दबा देती थी, जिस चारपाई पर उसने जन्म लिया होता है। इतना ही नही उस समय दिल ओर कांप उठता था, जब वे उस नन्ही सी जान को मिट्टी की हांडी में डाल और उसके हाथ में रूई देकर यह कहते हुए कन्या को जिंदा दफना दिया करते थे कि ‘बेटी सूत कातती ओई जाईए, ओर अपणे भाई न भेज दिए’। भाई का तो पता नही आता था या नही परन्तु यह कहते हुए शर्म अवश्य आ रही है कि हमेशा से ‘नारी, स्वयं नारी की दुश्मन रही है’।
        अब ये बातें भी बीते दिनों की हो गई है, क्योंकि अब विज्ञान का युग है और विज्ञान के अनेक तरीकों की सहायता से आज के तथाकथित माता पिता अपनी ही फूल सी बिटिया को पैदा होने से पहले ही मौत के घाट उतार देते हैं। विज्ञान की इन्हीं तकनीकों द्वारा की जा रही कन्या-भ्रूण हत्या की कहानी लिखने में बिल्कुल संकोच नही होता, जिसमें वह नन्हीं सी जान अपनी ममतामयी मां को पुकार-पुकार कर कह रही है कि मां, मुझे मत मारो! मत मारो! मेरी प्यारी मां, मुझे मत मारो....और इस तरह से बिलखती हुई वह असहाय कन्या-भ्रूण अपने आप को उन निर्दयी माता-पिता और लोभी डाक्टर के हाथों में सौंप देता है और अनेक लोभ लालचों से ग्रसित ये लोग उस कन्या-भ्रूण के रूद्घन को भी अनसूना कर देते है।
       महाभारत में अभिमन्यू के गर्भ में शिक्षित होने का उदाहरण आपने सूना होगा और डॉक्टर भी इस बात को मानते है कि गर्भ में पल रहा भ्रूण माता-पिता के हर क्रिया कलाप को बड़ी गहराई से अनुभव करता है। इसी प्रकार एक भ्रूण के अनुभव करने की क्षमता को जब एक अमेरिकी डाक्टर ने अपने कम्प्यूटर की सहायता से देखना चाहा तो वह अपने आंसुओं को रोक नही सका। उसी डाक्टर ने बाद लिखा कि ‘जब उसने गर्भवति स्त्री को ऑपरेशन बैंच पर लेटाया तो गर्भ के अन्दर का भ्रूण छटपटाने लगा और गर्भ में सुरक्षित स्थान तलाशने के लिए इधर-उधर भागने लगा और छटपटाता हुआ वह भ्रूण अपनी मां से प्रार्थना करता हुआ कहता है, हे माते! मेरी रक्षा करो! हाथ जोडता है और मिन्नते करता हुआ गर्भ गृह में स्वयं को सुरक्षित बचाने का प्रयास करता है। 
        इसके बाद भी जब निर्दयी डाक्टर उसे मारने के लिए चाकू उठाता है तो कन्या भ्रूण चिल्लाता है, रोता है और माता को ऐसा न करने के लिए प्रार्थना करता है। इसके उपरान्त भी जब डाक्टर और माता की क्रूरता समाप्त नही होती तो वह कन्या भ्रूण उनके आगे नतमस्तक हो जाता है और माता के गर्भ की बलिवेदी पर अपना बलिदान देता है। इस प्रकार उस कन्या भ्रूण के एक-एक अंग को कैंची और चाकू से काटकर अगल-अलग गिरा दिया जाता है और उस कन्या भ्रूण का दुखदः अन्त हो जाता है। वह कटता और चिल्लाता हुआ भ्रूण भगवान से यह प्रार्थना तो अवश्य करता होगा कि हे भगवन! ऐसी कठोर और निर्दयी स्त्री को पुनः कभी माता बनने का सौभाग्य प्रदान मत करना।
       पेट में पल रहे भ्रूण को कन्या भ्रूण जानकर गर्भपात करवाना अब लोगों के लिए आम बात हो गईर् है। डॉक्टर भी एमटीपी एक्ट का दुरूपयोग करते हुए परिवार नियोजन, गर्भ में बच्चे का अस्वस्थ होना या जन्म समय माता को मृत्यू से बचाने के बहाने भ्रूण हत्या कर मोटी रकम डकार लेते है। दिनों दिन बढ रही इस मानसिक ता के कारण आज हरियाणा में स्थिती चिंताजनक होती जा रही है।
        जनता द्वारा भविष्य में कन्या-भ्रूण हत्या पर रोक लगाने पर पहल करनी चाहिए, जिससे स्थिती को ओर अधिक भयावह होने से बचाया जा सके। गांवों की अपेक्षा शहरों में स्त्री, पुरूष का अन्तर अधिक पाया जाता है और शहरी लोग इस अभिशाप से करीब 5 से 10 फीसदी अधिक शामिल पाये जाते हैं अर्थात यह अपराध शहरी पढा लिखा वर्ग, गांवों के लोगों से अधिक करता है। ग्रामीणों के साथ-साथ शहरी लोगों को भी कन्या भ्रूण हत्या से होने वाले  दुष्परिणामों के बारे में सरकारी व गैर सरकारी संगठनों द्वारा जागरूक किया जा रहा हैं। पुत्र प्राप्ती की इस अन्धी दौड़ ने आज हरियाणावासियों को पुत्र-पैदा करने वाली दुल्हनों के लिए तरसा दिया है।
        हमारे महापुरूषों ने नारी जाति का हमेशा सम्मान किया है और महर्षि दयानन्द ने तो स्त्री जाती के सम्मान में यहां तक कह दिया कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता’ अर्थात जहां स्त्रियों का सम्मान होता है वहीं देवता निवास करते हैं। गुरू गोबिन्द सिंह जी ने भी नारी सम्मान को बचाने के लिए कहा था कि ‘कुडी मार ते नडी मार, रिश्ता नइ करणा’ अर्थात लडकी हत्यारों और नशेडियों के घर कभी शादी नही करनी चाहिए। स्त्री जाति के सम्मान के लिए हरियाणा सरकार ने भी अनेक प्रभावी योजनाएं शुरू की है, जिनका लाभ उठाने के लिए लोगों आगे आना चाहिए और कन्याओं को उनका अधिकार प्रदान करते हुए कन्या भ्रूण हत्या पर पूर्ण रोक लगानी चाहिए।
हरियाणा सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं-
1.      हरियाणा सरकार ने उन महिलाओंको जिनके नाम पर सम्पत्ती तथा घरेलू बिजली कनैक्शन भी है उनके बिजली बिलों में 10 पैसे प्रति यूनिट छूट देने का निर्णय लिया है।
2.      हरियाणा सरकार ने किसी भी महिला द्वारा अचल सम्पति खरीदने पर उन्हें सैटम्प शुल्क में 2 फीसदी छूट देने का निर्णय लिया है।
3.      हरियाणा सरकार ने महिलाओं को शिक्षक की सीधी भर्ती में 33 फीसदी आरक्षण देने का निर्णय लिया है।
4.      हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए साफ सुथरा वातावरण प्रदान करने हेतु प्रदेश में 510 डिलिवरी हट्स का निर्माण करवाया है, जहां जन्म प्रमाण पत्र भी दिया जाता है और इससे पुरूष स्त्री अनुपात की बेहतर मॉनिटरिंग में भी सहायता मिलेगी।
5.      भारत सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जननी सुरक्षा योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को घरों में करवाए गए प्रसव के लिए 500 रुपये तथा संस्थानों में करवाए गए प्रसव के लिए 700 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया है, जबकि शहरी महिलाओं को 600 रुपये उपलब्ध करवाए जाते हैं।
6.      जननी सुरक्षा योजना के तहत राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को प्रत्येक प्रसव के दौरान 1500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की शुरूआत की है, यह सहायता ऐसी सभी महिलाओं को दी जाती है जिन्होंने सरकारी या निजि क्षेत्र के किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में प्रसव करवाया हो।
7.      राज्य के महिला और बाल विकास विभाग द्वारा ‘लाडली योजना’ लागू की गई है, जिसके तहत सरकार द्वारा दूसरी बेटी के जन्म पर 2500 रुपये प्रति लड़की के हिसाब से प्रतिवर्ष 5000 रुपये की आर्थिक सहायता 5 वर्ष तक दी जाती है।
सजा का प्रावधान-
        कन्या-भ्रूण हत्या करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाती है और इसके लिए सजा का भी प्रावधान है। हरियाणा में 1996 में लागू हुए पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट को सख्ती से लागू करवाने के लिए अनेक पहल की है। इनमें राज्य स्तर पर उपयुक्त प्राधिकारी, सुपरवाइजरी बोर्ड, सलाहकार समिति तथा टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसी प्रकार जिला स्तर पर भी जिला उपयुक्त प्राधिकारी, जिला निरीक्षण समिति तथा निरीक्षण टीमों का गठन किया गया है।
        ये समितियां सरकारी व गैर सरकारी संगठनों की सहायता से लोगों को कन्या भ्रूण हत्या के विरोध में जागरूक करने, सख्ती से नियम लागू करवाने, अल्ट्रासांऊड मशीनों का निरीक्षण, कारण बताओं नोटिस जारी करने, छापामारी करना तथा आरोपियों के खिलाफ कोर्ट पैरवी करने का कार्य करती हैं।
           कृष्ण कुमार आर्य

सूर्य की गति का द्योतक है उगादी

          देश में मनाए जाने वाले त्यौहार भारतवर्ष की प्राचीन सभ्यता के परिचायक हैं। हमारे ऋषि-मुनियों ने ऋतुओं के परिवर्तन,...