Tuesday, August 24, 2010

रक्षाबंधन

                            बंधनों का त्यौहार- रक्षाबंधन
                                       
                 

       ये बंधन स्नेह का बंधन है। इसी बंधन से भक्त और भगवान, माता-पिता और संतान तथा संसार का प्रत्येक प्राणी एक दूसरे से जुड़ा हुआ है। इसी बंधन ने स्नेह के धागे में भाई और बहन के पवित्र रिश्ते को बांधा है।
       वर्तमान परिवेश में वैसे तो सभी रिश्ते तार-तार हो चुके हैं परन्तु फिर भी कुछ हद तक इस संबंध को अभी भी निर्लेप, निष्कपट तथा आदर के भाव से देखा जाता है। इस दिन बहने अपने भाई की लम्बी आयु की कामना करती है तथा भाई के माथे पर तिलक करते हुए उसके हाथ पर राखी बांधती है और अपनी रक्षा की प्रार्थना करती है।
        इस त्यौहार के अवसर पर लड़कियां अपने भाईयों से दूर होते हुए भी वे किसी भी प्रकार राखी पहुंचाने का कार्य करती हैं। पहले राखी डाक से भी पहुंचाई जाती थी। इसलिए इन्हें पहुंची भी कहते हैं। राखी पहुंचने के बाद भाई द्वारा यह खबर भेजी जाती थी कि उनके द्वारा भेजी गई पहुंची पहुंच गई है। इस प्रकार स्नेह से भरा भाई अपनी बहन की खुशियों के लिए आर्शीवादस्वरूप भेंट भी देता है।
        यह त्यौहार सदियों से चला आ रहा है। प्राचीन वैदिक काल के दौरान भी इस त्यौहार को इसी प्रकार हर्षोल्लास से मनाया जाता रहा है। इस त्यौहार को एक रक्षासूत्र से बांध कर न केवल भाई-बहन बल्कि गुरू-शिष्य, पिता-पुत्र, पिता-पुत्री के नातो को प्रगाढ किया जाता है। वे एक-दूसरे से अपने भविष्य की रक्षा व सुरक्षा की प्रार्थना करते है।
                             
       रक्षाबंधन को श्रावणी पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। यह त्यौहार श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस पूर्णिमा का न केवल आध्यात्मिक महत्व है बल्कि चंद्रमा की किरणें शरीर पर पड़कर उत्तम कोटी का लाभ प्रदान करती है। आज भी श्रावणी पर्व को वेदों के ज्ञान विज्ञान से जोड़कर देखा जाता है तथा अनेक स्थानों पर इसको इसी रूप में मनाया जाता है।
       इस अवसर पर घरों में पकवान के नाम पर दूध में सेवियां बनाई जाती है। इसका संबंध भी हमारे अन्न की शुद्घता से है। दूध व सेवियां का मिश्रण वर्षा ऋतु के कारण कुपित हुई व्यक्ति की प्रवृति को शांत करता है तथा कफ दोष का निवारण करने वाला है। इन्हीं सेवियों से घर की महिलाएं अपने घरों के दरवाजों पर मांगलिक धांगे को बांधती है। इसमें राम सीता को लिखकर भगवान का प्रतिरूप श्रीराम व माता सीता से घर की खुशहाली की प्रार्थना करती है।
      आदि काल से ही जनता धार्मिक स्वभाव की होती थी तथा वह साधु, संतों, ऋषि, मुनियों का बड़ा सम्मान करती थी। इसलिए ऐसे विद्वान व्यक्ति स्थान-स्थान पर घूम कर आम जनता को वेदों की शिक्षा प्रदान करते रहते थे। परन्तु आसाढ, सावन, भाद्र तथा आश्विन मास वर्षा के महिने होने के कारण विद्वान साधु, संत-महात्मा नगरों व गांवों से दूर अपने आश्रमों में निवास करते थे, क्योंकि मार्ग कच्चे होने के कारण अवरूध हो जाते थे। ऐसे में प्रभू-भक्ति के शुभ विचारों का पान करने के लिए गृहस्थी अपनी बैलगाडि़यों या अन्य साधनों से उनके आश्रमों पर पहुंच जाते थे।
       श्रावण मास के अन्त में सभी आश्रमों में अच्छे पकवान बनाये जाते थे तथा गीत, भजन और आत्मिक उत्थान के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाता था। इसी खुशी में आश्रम पर आने वाले दूरदराज के सभी बंधुगण एक दूसरे की आपसी सहायता का वचन देते थे तथा एक दूसरे को रक्षासूत्र बांधने का कार्य करते थे।
        इतना ही नही आश्रमों में आने वाले प्रत्येक नागरिक अपने शिक्षक रूपी संत महात्मा को यह रक्षासूत्र बांधते थे तथा उनसे प्रार्थना करते थे कि वे भविष्य में भी उसी प्रकार उन्हें सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते रहे, जिससे वे जीवन में आने वाले सभी कष्टों से मुक्ति पा सके। आश्रमों में आकर रहने की परंपरा आज भी जैन मुनियों की दिनचर्या में शामिल है। वे वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी स्थान पर चौमासा लगाते है और अपने धर्म का प्रचार करते हैं।
       रक्षाबंधन त्यौहार पूरे देश में मनाया जाता है। हरियाणा, हिमाचल, पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश तथा देश के अन्य हिस्सों में इसे खुशी-खुशी से मनाया जाता है। इस त्यौहार का संबंध भी अन्य त्यौहारों की भांति मानव जीवन से जुड़ा हुआ है। अतः इसकी महत्ता को समझते हुए ही इसे मनाना चाहिए।
                                                          कृष्ण कुमार ‘आर्य’

No comments:

Post a Comment

सूर्य की गति का द्योतक है उगादी

          देश में मनाए जाने वाले त्यौहार भारतवर्ष की प्राचीन सभ्यता के परिचायक हैं। हमारे ऋषि-मुनियों ने ऋतुओं के परिवर्तन,...